खनुआ। सशस्त्र सीमा बल 66वीं वाहिनी के बीओपी हरदीडाली के जवानों ने भारत-नेपाल सीमा के पिलर संख्या 524/04 के पास से पिकअप पर लदा मक्का बरामद किया। बृहस्पतिवार को टीम को सूचना मिली कि ग्राम हरदीडाली से कुछ व्यक्ति रात का फायदा उठा कर बोरी में कुछ सामान ले जा रहे हैं। टीम ने मौके पर पहुंच कर खोजबीन की, तभी एक पिकअप आता हुआ दिखाई दिया। पिकअप को टॉर्च एवं इशारे के माध्यम से रोकने का प्रयास किया गया। तभी गाड़ी रोककर पिकअप चालक एवं उसमें बैठा एक व्यक्ति गाड़ी छोड़कर भागने लगे। दोनों व्यक्तियों को दौड़ा कर पकड़ लिया गया। दोनों ने बताया कि पिकअप में मक्का लदा है। आरोपी गाड़ी में लदे मक्के का कोई भी कागजात नहीं दिखा पाए। 35 बोरियों में कुल 1,715 किलोग्राम मक्का एवं पिकअप सहित कस्टम नौतनवा को सौंप दिया गया।
विवाहिता को मार-पीटकर घर से निकालने का आरोप
भिटौली। थाना क्षेत्र के कोदइला निवासी अनीता मौर्या ने भिटौली थाने में पति एवं ससुरालियों पर मारने-पीटने एवं दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज कराया है। अनिता ने बताया कि अप्रैल 2024 में गोरखपुर जनपद के झंगहा थाना क्षेत्र के राजी जगदीश निवासी मंजीत मौर्य से शादी हुई है। उनका कोई भाई नहीं है। मायके में सड़क के किनारे एक कीमती जमीन है। इस जमीन को बार-बार मेरे पति एवं ससुराल के लोग बेचने के लिए कह रहे हैं। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि आरोपी पति मंजीत मौर्य, सास मुनक्का देवी जेठ विनोद, अखिलेश एवं अमरनाथ पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।