महराजगंज। गर्भवती महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए शासन की ओर से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का संचालन किया जाता है। इस योजना के तहत दो किस्तों में महिलाओं को कुल 5000 रुपये दिए जाते है।
जिससे गर्भवस्था के समय महिलाओं को पोषण आहार मिल सके। जिले स्तर के अधिकारी इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। ब्लाॅक स्तर पर अधिकारियों के पोर्टल पर कुल 331 आवेदन लंबित हैं। जिले स्तर पर अधिकारियों के पोर्टल पर 83 आवेदन लंबित है।
आवेदन का निस्तारण समय पर न होने से गर्भवती महिलाओं को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। गर्भवती महिलाएं ब्लाॅक से लेकर जिले स्तर तक चक्कर लगा रही हैं। महिलाओं ने कहा कि अगर आवेदनों का समय से निस्तारण किया जाता तो परेशानी नहीं होती। बृजमनगंज ब्लाॅक स्तर पर सुपरवाइज पोर्टल पर 32 आवेदन लंबित है।
इसके अलावा धानी में 4, घुघली में 20, लक्ष्मीपुर 37, सदर में 52 मिठौरा में 7, नौतनवा में 30, निचलौल में 19, पनियरा में 9, परतावल में 56, फरेंदा में 59 और सिसवां में केवल छह आवेदन लंबित है। वहीं जिले स्तर पर सीडीपीओ के पोर्टल पर कुल 83 आवेदन लंबित है। जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार ने बताया कि लंबित आवेदन का निस्तारण जल्दी करा दिया जाएगा।