बोर्ड परीक्षा के लिए आने लगीं कापियां
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। यूपी बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। सात फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए जिले में बोर्ड की तरफ अंकित नंबरों वाली उत्तर पुस्तिकाएं नंबर अंकित वाली कापियां आनी शुरू हो गई हैं। इस वर्ष पिछले साल की तुलना में विद्यार्थियों की संख्या में कमी भी हुई है। पिछले वर्ष की तुलना में चालू शैक्षिक सत्र में 3226 कम विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।
विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक वर्ष 2018 में हाईस्कूल में 47716 और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में कुल 33823 विद्यार्थी शामिल हुए। लेकिन इस वर्ष विद्यार्थियों की संख्या में कमी आई है। इस वर्ष हाईस्कूल में 45331 और इंटरमीडिएट में 32982 विद्यार्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत किए गए हैं। इसमें भी हाईस्कूल में 23821 बालक और 21510 बालिकाएं जबकि इंटरमीडिएट में 16918 बालक और 16064 बालिकाएं पंजीकृत हैैैं।
उधर, बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारी शुरू हो गई है। जिले को बोर्ड की कापियां प्राप्त होने लगी हैं। अब तक जिले में हाईस्कूल की अंकित नंबरों वाली 1 लाख 50 हजार और इंटरमीडिएट की 50 हजार कापियां प्राप्त हो चुकी हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जिले में कापियां प्राप्त होने लगी हैं। बोर्ड परीक्षा को सकुशल व नकल विहीन संपन्न कराने के लिए तैयारी तेज कर दी गई है। सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कॉलेज में जो भी कमियां हैं, उन्हें अविलंब दूर कराकर उसकी सूचना उपलब्ध कराएं। उन्होंने विद्यार्थियों से भी अपील की कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी लगन से करें ताकि परीक्षा के दौरान कोई परेशानी न हो।