महराजगंज। जिले के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में सेवायोजन विभाग अपनी भूमिका सार्थक कर रहा है। बीते वित्तीय वर्ष 35 रोजगार मेले का आयोजन कर 3073 युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ।
सर्वाधिक मैन्युफैक्चरिंग, प्रोडक्शन व मैकेनिकल में युवाओं का चयन हुआ। जिनका पैकेज 20 हजार रुपये मासिक व भत्तों के साथ प्रारंभ हुआ। जिले के युवा नोएडा, गुरुग्राम, रोहतक व पंजाब की ब्रांडेड कंपनियों के कामगार बन सके हैं जिनकी शुरुआती पैकेज काफी बेहतर है। सेवायोजन विभाग की मदद से मिले रोजगार के लिए नौकरी पाने वाले युवा ही नहीं उनके परिजनों के बीच भी सेवायोजन विभाग की धाक मजबूत हुई है जो अन्य युवाओं को सेवायोजन विभाग की मदद से जाॅब लेने की सलाह दे रहे हैं। पकड़ी के रहने वाले रोहित पटेल, मऊपाकड़ के योगेंद्र चौधरी का चयन 2024 नवंबर में टाटा कंपनी के मैन्युफैक्चरिंग यूनिट हरियाणा में हुआ। इसी तरह काशी एग्रो की प्रोडक्शन शाखा में अश्वनी श्रीवास्तव व रूप कमल अभी बीते दिनों ही चयनित होकर पंजाब में कार्य शुरू कर चुके हैं। ऐसे एक दो नहीं बल्कि तीन हजार नाम हैं जो डिग्री व प्रशिक्षण के बाद भी बेरोजगार थे। सेवायोजन विभाग में पंजीकरण कराने के बाद इन्हें रोजगार मेले में कंपनियों की नजर में लाया गया। कंपनी के जिम्मेदारों ने भी अपने योग्य अभ्यर्थियों को चयनित कर रोजगार का मौका उपलब्ध कराया।