महराजगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य दूसरे दिन भी जारी रहा। तीन केंद्रों पर रविवार को भी विभिन्न विषयों की लगभग 30 हजार पुस्तकें जांची गई। तीनों केंद्रों पर ड्यूटी में लगे किसी कर्मी ने अवकाश नहीं लगा जिसके चलते सभी मौजूद रहे। शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने भी निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
महराजगंज इंटर कालेज में परीक्षकों ने 7925 कापी जांची। इसी तरह सेठ आनंदराम जयपुरिया काॅलेज में 6184, गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर काॅलेज में 13766 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ। जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ राय ने बताया कि मूल्यांकन के लिए प्रशिक्षकों की प्रतीक्षा सूची भी बनाई जा रही है। कोई प्रशिक्षक गैरहाजिर मिला तो प्रतीक्षा सूची से शामिल किया जाएगा। पुस्तकों के मूल्यांकन के दौरान शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार भी पहुंचे। उन्होंने उपलब्ध सुविधा और सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन सही तरीके से करें। इस अवसर पर प्रभात कुमार पांडेय, अरूण कुमार पांडेय, त्रियुगीनारायण, अशोक राय, विजय प्रताप, दीपचंद, प्रकाश मौजूद रहे।