महराजगंज। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत सोमवार को जिला चिकित्सालय में महिला कल्याण विभाग द्वारा कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने के साथ समाज में उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा बालिका कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
इस मौके पर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने नवजात बेटियों के साथ केक काटकर उनके जन्म का उत्सव मनाया। इस दौरान 30 नवजात को बेबी किट और मिष्ठान वितरित कर उनके परिजनों को शुभकामनाएं दी गई। उन्होंने अभिभावकों से संवाद करते हुए कहा कि बेटियां परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। डीएम ने नवजात शिशुओं के नियमित टीकाकरण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि समय पर सभी आवश्यक टीके लगवाना बच्चों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय ने कहा कि महिला कल्याण विभाग द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय सोमवार को कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम में जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके. द्विवेदी,डॉ. एबी त्रिपाठी, संजा देवी आदि लोग मौजूद रहें।