चार करोड़ का सोना चुराने के आरोप में तीन भारतीय गिरफ्तार
भैरहवा (नेपाल)/महराजगंज। ज्वेलरी की दुकान में चोरी करने के लिए बगल में दुकान खोली। इसके बाद मौका पाकर करीब साढ़े चार करोड़ रुपये का सोना चुरा लिया। नेपाल पुलिस ने बुटवल की इस वारदात के आरोप में तीन भारतीयों को गिरफ्तार किया है। तीनों लखनऊ के रहने वाले हैं। इनके पास से सोने जैसी धातु, मोबाइल और भारतीय रुपये मिले हैं।
जानकारी के अनुसार, नेपाल पुलिस ने बुटवल के बीपीचौक स्थित गुलमेली मजूवा स्थित सोने-चांदी की दुकान से 27 अप्रैल को सोना चोरी करने वाले तीन भारतीयों, लखनऊ की गोमती नगर कॉलोनी के मोहम्मद जीशान खान (35), जौहरी मोहल्ला चौक के मोहसिन अब्दुल्ला खान (36), तकिया पेपर मिल कॉलोनी निशातगंज के मोहम्मद शरीकलाई (22) को गिरफ्तार किया है। बताया कि तीनों आरोपी चोरी की नीयत से ज्वेलरी की दुकान के बगल में किराए पर कमरा लेकर कॉस्मेटिक की दुकान चला रहे थे। 27 अप्रैल को तीनों आरोपियों ने रात में गैस कटर से सोने की दुकान के लॉकर को काट कर चार करोड़ 35 लाख रुपये का सोना चुरा लिए।
रूपनदेही एसपी रविंद्र रेगमी ने बताया कि तीनों आरोपियों को लुंबिनी सांस्कृतिक नगर पालिका के वार्ड नंबर चार के महुवारी के खुंगई कालिदाहा रोड से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से सोने जैसा पीला सिक्का, पीली धातु का सोने जैसा बिस्किुट, मोबाइल, भारतीय रुपये, एटीएम कार्ड और अन्य सामान मिले हैं। मामले की जांच की जा रही है।