बाइक सवार को चपेट में लेने के बाद ट्रक ढाबा में घुसा, तीन की मौत
फरेंदा (महराजगंज)। क्षेत्र के उत्तरी बाईपास पर बृहस्पतिवार की शाम बाइक सवार को चपेट में लेने के बाद अनियंत्रित ट्रक दक्षिणी बाईपास पर ढाबा में घुस गया। ढाबा पर बैठे दो लोगों सहित तीन की मौत हो गई। कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
शाम करीब 4.30 बजे सोनौली की तरफ से आ रहा ट्रक फरेंदा कस्बे के पहले अनियंत्रित हो गया। उसकी चपेट में एक बाइक आ गई। बाइक सवार अभिषेक (25) निवासी कोल्हुई की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर बैठे शाहिल (26) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर तेज गति से भागने लगा। उसी दौरान दक्षिणी बाईपास पर अनियंत्रित हुआ ट्रक, ढाबा में घुस गया। ढाबा मालिक रामकुमार सहानी (45) निवासी अदरौना व धनुज यादव (26) निवासी श्रीनगर बलिया की मौके पर ही मौत हो गई। ढाबा मालिक की पत्नी दुर्गावती (42) व जीतेंद्र (40) निवासी देवरिया गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही अफरा-तफरी मच गई। मौके पर एसडीएम दिनेश मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक दिनेश दत्त मिश्रा, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह पहुंचे। उसके बाद घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले जाया गया। वहां से सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक दिनेश दत्त मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी।