पहल शिविर में प्राप्त हुए 3,858 आवेदन, 1,316 का निस्तारण
महराजगंज। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के राजस्व संबंधी मामलों के निस्तारण करने व उन्हें विकास योजनाओं का लाभ प्रदान करने के लिए बुधवार को जिले के सभी 12 ब्लॉकों के चयनित ग्राम पंचायतों में पहल शिविर का शुभारंभ हुआ। पहले दिन शिविर में कुल 3,858 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें से 1,316 के निस्तारण का दावा किया गया।
तीसरे चरण के शिविर के पहले दिन सदर ब्लॉक के ग्राम बागापार में सर्वाधिक 662, बृजमनगंज के शिवपुर मेें सबसे कम 139, धानी के हथियागढ़ में 142, घुघली के भिटौली में 334, लक्ष्मीपुर के शिवपुर थरौली में 171 , मिठौरा के दरहटा में 660, नौतनवा के हरदीडाली मेें 198 , निचलौल के बंदी विशुनपुरा में 499 , पनियरा के रतनपुरवा में 151 , परतावल के बांसपार कोठी में 417, फरेंदा के सेमरहनी में 156 तथा सिसवा के पोखरभिंडा में 329 आवेदन प्राप्त हुए। सदर के बागापार में आयोजित शिविर का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ पात्रों को दिलाने के उद्देश्य से प्रशासन ग्राम स्तर तक पहुंच रहा है। ग्रामीण कार्यक्रम से जुड़ते हुए इसका लाभ उठाना सुनिश्चित करें। ग्रामीणों से प्राप्त समस्याओं को दूर कराने के लिए जिम्मेदारों को निर्देशित किया। नोडल अधिकारी शांतप्रकाश श्रीवास्तव ने शिविर के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान खंड विकास अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर कुशवाहा, एडीओ पंचायत प्रदुम्न प्रजापति, सचिव गोपेश्वर पटेल, सौफिक अहमद, आरके शर्मा आदि मौजूद रहे।
चौक प्रतिनिधि के मुताबिक ग्राम दरहटा में आयोजित शिविर में खंड विकास अधिकारी रजत गुप्ता व अन्य जिम्मेदारों ने शिविर का शुभारंभ करते हुए उसके उद्देश्यों पर चर्चा किया। खनुआ प्रतिनिधि के मुताबिक ग्राम पंचायत अधिकारी श्रीनेवास की देखरेख में हरदीडाली गांव में समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान प्रधान गोपाल नारायण चौधरी, शिवराज गुप्ता, कृष्ण गोपाल, विनोद कुमार गौतम, सुनील कुमार पासवान, कुसुमलता आदि मौजूद रहे। इसके साथ ही जिले के अन्य सभी ब्लॉकों में शिविर आयोजित कर ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त किए गए।