29 लाख जारी, बढ़ेगी तिलकवनिया-घुघली मार्ग की रफ्तार
महराजगंज। त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत तिलकवनिया से घुघली तक 2800 मीटर सड़क का निर्माण होगा। इसके लिए शासन ने प्रथम किस्त की धनराशि जारी किया है। 29 लाख की धनराशि मिलने से काम प्रारंभ करने में तेजी आएगी।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से तिलकवनिया से घुघली तक सड़क का निर्माण कराया जाना है। अभी सड़क के खराब होने की वजह से इस पर यात्रा करने वाले लोगों को काफी मुश्किलें उठानी पड़ती हैं। सड़क के निर्मित होने से जहां घुघली क्षेत्र के लोगों व राहगीरों को आवागमन की सुविधा होगी, वहीं उनके समय की भी बचत होगी। मार्ग की मरम्मत के लिए शासन ने विभाग को 10 प्रतिशत धनराशि जारी किया है। धनराशि मिलने से सड़क का निर्माण तो होगा ही, उस पर वाहनों की रफ्तार बढ़ाने में भी तेजी आएगी। अधिशासी अभियंता केएस प्रताप ने बताया कि 2800 मीटर सड़क बनाने के लिए कुल 2.93 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। प्रथम किश्त के रूप में 10 प्रतिशत धनराशि जारी हुई है, जिससे जल्द ही कार्य प्रारंभ होगा।
--------------
सड़क के बन जाने से दूर होगी परेशानी
बसंतपुर के शैलेष ने बताया कि घुघली- तिलकवनिया मार्ग के बन जाने से आमजन के समय की बचत होगी। रामपुर बल्डीहा के मनीष ने बताया कि सड़क के बन जाने से जर्जर सड़क से निजात मिलेगी। मिकाइल अंसारी ने बताया कि जनहित को देखते हुए सड़क का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।