महराजगंज। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को निचलौल क्षेत्र में बिना पंजीकरण संचालित बाला जी फूड वाटर का निरीक्षण किया। इस दौरान यूनिट बिना पंजीकरण के संचालित मिली। अधिकारियों ने मौके से पानी पाउच का नमूना संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया।
प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय केके उपाध्याय ने बताया कि इसके अलावा टीम ने मौके पर रखे 25 बोरी पानी पाउच को सीज कर दिया। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1,250 रुपये बताई गई है। सीज किए गए पाउच को विक्रेता की अभिरक्षा में सौंपते हुए उन्हें सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। संचालक को बिना लाइसेंस यूनिट का संचालन तत्काल रोकने के निर्देश दिए गए हैं। पानी पाउच का नमूना जांच के लिए भेज दिय गया है। नमूने की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह और पवन गौड़ शामिल रहे।