महराजगंज। साइबर ठगों ने ऑनलाइन ऑफर देकर ठगी कर ली। दूसरी ओर कारोबार के नाम पर रकम देकर युवक फंस गया। जालसाजों के नेटवर्क में सीधे-साधे लोग आसानी से फंस जा रहे हैं।
साइबर क्राइम थाने में साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आलोक कुमार गुप्ता, निवासी ग्राम छातिराम, शिवनगर वार्ड नंबर-10, नगर पंचायत परतावल, थाना श्यामदेउरवां ने साइबर क्राइम थाने में तहरीर देकर अपने चाचा बृजेश कुमार गुप्ता के खाते से 2.29 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
आलोक कुमार गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके चाचा बृजेश कुमार गुप्ता की मुलाकात दिलशाद और हसन तारा, पत्नी जाकिर, निवासी ग्राम बेलवां उर्फ बेलवा कारखाना, थाना फाजिल नगर, कुशीनगर से हुई। आरोप है कि एक जनवरी 2025 को दोनों ने बृजेश कुमार गुप्ता का मोबाइल ठीक करने के बहाने उनके बैंक खाते का यूपीआई बनाकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाता संख्या से 2.29 लाख रुपये अपने और अपनी मां हसन तारा के यूपीआई खातों में कई बार में स्थानांतरित कर लिए। जब बृजेश कुमार गुप्ता बैंक गए, तब उन्हें इस धोखाधड़ी का पता चला। पीडि़त ने बैंक स्टेटमेंट को सबूत के तौर पर तहरीर के साथ संलग्न किया है।
आलोक कुमार गुप्ता ने साइबर क्राइम थाने के प्रभारी निरीक्षक से इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। साइबर थानाध्यक्ष सजनू यादव ने बताया कि आरोपियों दिलशाद और हसंतारा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। थानाध्यक्ष सजनू यादव ने कहा,आलोक कुमार गुप्ता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। साइबर क्राइम की इस घटना की गहन जांच की जा रही है।