22 पॉजिटिव मिले, 23 ने जीती कोरोना से जंग
जिले में सक्रिय केस की संख्या घटकर हुई 242, मृतकों की संख्या 119
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में कोरोना का असर धीर-धीरे कम हो रहा है। प्रत्येक दिन पॉजिटिव केस की संख्या में कमी आई है। रिकवरी रेट काफी अच्छा है। इससे लोग काफी राहत महसूस कर रहे हैं।
सोमवार को महज 22 लोग जांच में पॉजिटिव मिले हैं। वहीं 23 लोगों ने कोरोना से जंग जीत ली है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संक्रमितों के बेहतर ढंग से इलाज की व्यवस्था की गई है। वहीं होम आइसोलेशन में रहने वाले लोगों के सेहत की जांच समय समय पर की जा रही है।
उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आई.ए. अंसारी ने बताया कि जिले में अब कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 12198 है, जिसमें से सक्रिय केस अब घटकर 242 हो गए हैं। अब तक स्वस्थ होने वालों की संख्या 11837 हो चुकी है। वहीं मरने वालों की संख्या 119 हो गई है। वर्तमान समय में होम आइसोलेशन में 122 लोग हैं, जिनकी देखभाल टीम द्वारा की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 541386 सैंपल की जांच हो चुकी है, जिसमें 528154 निगेटिव हैं। सोमवार को 819 सैंपल जांच के लिए भेजे गए। कोविड अस्पताल में कुल भर्ती मरीजों की संख्या 17 है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना से बचाव के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। आशा कार्यकर्ता घर-घर लोगों से संपर्क कर उनकी सेहत के बारे में जानकारी ले रही हैं। इसके अलावा अधिक से अधिक लोगों की जांच विभाग की ओर से गठित टीम कर रही है।
आज होगा टीकाकरण
महराजगंज। सामुदायिक स्वास्थ केंद्र सदर की टीम मंगलवार को सुबह 10 बजे से ग्राम सभा कटहरा के शिव मंदिर के पास प्राथमिक विद्यालय पर कोरोना की जांच एवं विशेष सत्र टीकाकरण करेगी। यह जानकारी सीएचसी अधीक्षक डॉ.केपी सिंह ने दी।