धान खरीद में लाएं तेजी : डिप्टी आरएमओ
विपणन अधिकारी ने किया क्रय केंद्रों व डिपो का निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अखिलेश कुमार ने शुक्रवार को दो क्रय केंद्रों व एफसीआई के दो गोदामों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों केंद्र प्रभारियों को धान खरीद में तेजी लाने के साथ ही खरीदे गए कुटाई के लिए धान मिल संचालकों को भेजवाने तथा कुटाई के बाद चावल वहां से एफसीआई के गोदामों में भेजवाने के निर्देश दिए।
डिप्टी आरएमओ ने सबसे पहले आनंद नगर मंडी परिसर में स्थित विपणन शाखा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र पर धान की तौल हो रही थी। इसके बाद पीसीएफ बनकटी क्रय केेंद्र का निरीक्षण किया। यहां भी एक किसान के धान की तौल हो रही थी। दोनों केंद्रों के केंद्र प्रभारी मौजूद मिले। दोनों केंद्र प्रभारियों से उन्होंने धान खरीद में तेजी लाने के साथ ही कुटाई के बाद तैयार सरकारी चावल (सीएमआर) को एफसीआई गोदाम पर भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की हिदायत दी। दोनों केंद्रों के निरीक्षण के बाद डिप्टी आरएमओ ने एफसीआई के बनगढ़िया गोदाम का निरीक्षण किया। यहां सीएमआर का राशन उतारा जा रहा था। उन्होंने बृजमननगंज गोदाम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गोदामों के प्रभारियों से कहा कि वे सीएमआर चावल का समय से भंडारण सुनिश्चित कराएं।