बांस-बल्ली का पोल गिरने से नाराज लोगों ने प्रदर्शन किया
जय प्रकाश नगर में बिजली आपूर्ति ठप, लोग परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। जय प्रकाश नगर मोहल्ले में बांस बल्ली का लगा पोल गिर जाने से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। बदहाल व्यवस्था से नाराज मोहल्ले के लोगों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। साथ ही एडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। लोगों ने मोहल्ले में पोल लगवाकर समस्या का समाधान कराने की मांग की।
जय प्रकाश नगर के रहने वाले हृदय लाल ने कहा कि मोहल्ले में बांस-बल्ली लगाकर तमाम घरों में बिजली आपूर्ति होती है। इन दिनों बांस बल्ली का पोल गिर जाने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। दर्जन भर से अधिक घरों के रहने वाले लोग परेशान हैं। स्कूल जाने व आने के लिए बच्चे तार के नीचे से होकर आवागमन कर रहे हैं। ऐसे में कभी भी कोई बढ़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि मोहल्ले में पोल लगवाने के लिए कई बार आवाज उठाई गई लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। मोहल्ले के रामकेवल, प्रदीप शर्मा, संजय कश्यप ने कहा 500 मीटर तक की दूरी में केबल बांस बल्ली के सहारे घरों तक पहुंचाया गया है। इन दिनों पोल गिर गया है। जिससे खतरे की आशंका बनी हुई है। प्रदर्शन करने वालों में विनोद कुमार, हरिद्वार, राजकुमार, प्रेमसागर, अविनाश कुमार, कैलाश प्रसाद, राजेश कुमार, शैलेंद्र कुमार गुप्ता, विजय, अमरजीत आदि शामिल रहे।