महराजगंज। जिले में विभिन्न स्थानों पर आग लगने से तीन एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। किसानों और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। फसल बर्बाद होने से किसानों के खेत में लगी पूंजी भी बर्बाद हो गई। अब उन्हें सरकार से आर्थिक मदद की उम्मीद है।
परतावल प्रतिनिधि के अनुसार शनिवार को सुबह आठ बजे के आसपास बांसपर कोठी और बैजौली के सिवान में विद्युत के तार से निकली चिंगारी से आग लग गई, जिसमें बैजौली निवासी शुकरुद्दीन का एक एकड़ से ज्यादा गेहूं का फसल जल कर राख हो गया। लालजी सिंह का 60 डिस्मिल और सोखा का 45 डिस्मिल गेंहू जल कर राख हो गया। ग्रामीणों की मदद से आग को बुझाया गया।
बरगदवां प्रतिनिधि के अनुसार बरगदवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा खैरहवां जंगल टोला रुदलापुर में शनिवार की दोपहर थ्रेसर से निकली चिंगारी से गेंहू की फसल व भूसा जलकर राख हो गया। खैरहवां जंगल टोला रुदलापुर के सिवान में शनिवार की दोपहर थ्रेसर से गेंहू की मड़ाई हो रही थी। उसी दौरान थ्रेसर से निकली चिंगारी से उत्री चौधरी निवासी खैरहवां जंगल के खेत में आग लग गई जिससे 25 डिस्मिल गेहूं की फसल व बगल में स्थित लालता चौहान व गांव के अन्य लोगों का भूसा जलकर राख हो गया। कोठीभार प्रतिनिधि के अनुसार शनिवार को कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा डढौली में शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने डेढ़ एकड़ गेंहू के फसल को जला कर राख कर दिया। सिसवा कस्बे के असमन छपरा निवासी ओमप्रकाश, इंद्रजीत, शम्भू, महंथ के खेत के बीच से निकले विद्युत तार से निकली चिंगारी ने डेढ़ एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
चौक बाजार प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के पिपरा सोनाड़ी में गांव के पूरब सिवान में शनिवार को अचानक आग लग गई। जिससे खेत में काट कर रखा गेंहू जल कर राख हो गया। आग की लपटें ग्राम सभा मधुबनी टोला बरगदहवा गांव के समीप पहुंच गईं। मौके पर पहुंचे फायर बिग्रेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया।
नौतनवां प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के गांव भैंसहिया पाठक में शनिवार को आग लगने से लगभग एक एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। रामवृक्ष सहानी का एक एकड गेहूं जलकर राख हो गया। लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।