सिसवा बाजार। शनिवार को अपराह्न करीब तीन बजे सहरसा से आनंद बिहार जा रही 04423 अप जनसाधारण एक्सप्रेस से 22 वर्षीय युवक ने छलांग लगा दी। वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। यात्रियों ने तत्काल 108 नंबर पर फोन कर घटना की सूचना दी। एंबुलेंस से घायल युवक को पीएचसी ले जाया गया। घायल युवक की स्थिति नाजुक देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कुशीनगर जनपद के नेबुआ नौरंगिया थानाक्षेत्र के ग्राम सभा पटखौली निवासी सदरी भारती के 22 वर्षीय पुत्र कुंदन भारती की शादी कोठीभार थानाक्षेत्र के ग्राम सभा सिसवा बुजुर्ग के बुढौवा टोले पर स्वामीनाथ भारती के घर पिछले 15 जून को हुई थी। कुंदन किसी काम से अपनी ससुराल आने के लिए शनिवार को खड्डा रेलवे स्टेशन पर दोपहर करीब ढाई बजे पहुंचा। क्रॉसिंग की वजह से प्लेटफार्म नंबर एक पर ट्रेन नंबर 04423 अप जनसाधारण एक्सप्रेस खड़ी थी। कुंदन सिसवा जाने के लिए उसमें बैठ गया। थोड़ी ही देर में ट्रेन खुल गई। ट्रेन जैसे ही सिसवा प्लेटफार्म पर पहुंचने वाली थी उसके पहले ही ट्रेन के किसी यात्री ने बताया कि यह ट्रेन सिसवा नहीं रुकती। इसके बाद कुंदन सकपका गया और गेट पर आकर खड़ा हो गया। ट्रेन जैसे ही सिसवा प्लेटफार्म पर पहुंची उसी समय कुंदन ने छलांग लगा दी। प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों ने तत्काल उसे उठाकर बेंच पर लिटाया और 108 नंबर पर घटना की सूचना दी। एंबुलेंस चालक दयाशंकर यादव व ईएमटी सुनील मौर्या घायल कुंदन भारती को तुरंत पीएचसी पर ले गए। जहां कुंदन का प्राथमिक उपचार करने के बाद स्थिति नाजुक देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।