नौतनवा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बृहस्पतिवार को नगर स्थित एक मैरिज हॉल में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक ऋषि त्रिपाठी और जिम्मेदार अधिकारियों की उपस्थिति में 204 जोड़ों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। विधायक ने नवविवाहित जोड़ों को घरेलू सामग्री, पुष्पवर्षा एवं अन्य उपहार भेंटकर उनके उज्जवल दांपत्य जीवन की कामना की।
इस दौरान विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह संकल्प लिया है कि गरीबी को कभी भी किसी भी बेटी की शादी में बाधा नहीं बनने देंगे। उन्होंने जो बीड़ा उठाया है उसे निभा भी रहे हैं। प्रदेश निरंतर प्रगति और उन्नति के पथ पर अग्रसर हो रहा है।
परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन यादव ने बताया कि इस योजनांतर्गत नौतनवा शहरी व ग्रामीण के 109, सोनौली के 9, लक्ष्मीपुर के 54, बृजमनगंज के एक, सदर के पांच, मिठौरा के एक, परतावल शहरी व ग्रामीण के 13, घुघली के छह एवं पनियरा के छह समेत कुल 204 जोड़ों के विवाह की विधि परंपरा के अनुसार पूरी कराई गई। जिसके बाद विधायक ऋषि त्रिपाठी के हाथों प्रति जोड़ों को 21 हजार का घरेलू सामान दिया गया, इसके साथ ही शासनादेश के अनुसार 64 हजार रूपये बेटियों के नए जीवन को संवारने के लिए सीधे उनके बैंक खातों में भेजा जाएगा। कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने किया।
इस दौरान ब्लाक प्रमुख राकेश मद्धेशिया, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन यादव, खंड विकास अधिकारी अमित मिश्रा, मनोनीत सभासद अजय अग्रहरि, राधेश्याम सिंह, राहुल दुबे, चंद्र प्रकाश मिश्रा, कमलेश पांडेय, अनुज राय, नीरज जायसवाल आदि लोग मौजूद रहे।