भैरहवा/सोनौली। कर्नाटक के बौद्ध मठों में पढ़ाई के नाम पर भारत ले जाए जा रहे नेपाल के 19 नाबालिगों को बृहस्पतिवार की देर रात नेपाल की एक समाजसेवी संस्था ने एसएसबी की मदद से रोक लिया। इसके बाद नेपाल पुलिस को सौंप दिया।
बृहस्पतिवार की देर रात एक बस से भारत के कर्नाटक के विभिन्न बौद्ध गुंबाओं (मठों) में पढ़ाई के नाम पर नेपाल से 19 नाबालिग बच्चों को ले जाया जा रहा था। संदेह होने पर संस्था के लोगों ने उन्हें बॉर्डर पर रोक लिया।
पूछताछ में पता चला कि बच्चों को उनके माता-पिता की अनुमति के बिना बहला-फुसलाकर भारत ले जाया जा रहा था। सीमा पर चेकिंग के दौरान बस को संदेह के आधार पर रोका गया और जब पूछताछ की गई तब सच्चाई सामने आई। इस पूरे बचाव अभियान में एसएसबी और सामाजिक संस्था ने संयुक्त रूप से सक्रिय भूमिका निभाई।
यह कार्रवाई मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे संयुक्त अभियान का हिस्सा था, जिसका मकसद महिलाओं और बच्चों की तस्करी को रोकना है। नेपाल पुलिस के बेलहिया इंस्पेक्टर मनीष न्योपाने ने बताया कि जिला पुलिस कार्यालय इस मामले को देख रहा है। बच्चों को उनके परिजनों को सौंपा जाएगा।