स्थानीय ट्रक चालकों का आरोप: इन मालवाहकों को बिना लाइन में लगे भेजा जा रहा नेपाल
एक सप्ताह से कतार में फंसे चालक, सोनौली सीमा तक 19 किमी लंबा जाम
सोनौली। नेपाल सीमा के सोनौली बॉर्डर पर जीरो प्वाइंट से लेकर सम्पतिहा गांव तक करीब 19 किलोमीटर लंबी ट्रकों की कतार लग गई है। इससे स्थानीय लोगों व चालकों को परेशानी हो रही है। वहीं कुछ ट्रक चालकों ने आरोप लगाया है कि नौतनवा रेलवे मालगोदाम से लोड होकर वाहनों को सीधे नेपाल भेजे जा रहे हैं।
नेपाल के काठमांडो मार्ग पर भूस्खलन, जनपद के सीमावर्ती कस्बे में सड़क किनारे लगने वाले फल-सब्जी के ठेलों और सीमा पर जाम में फंसे वाहनों की कम प्रवेश करने के कारण सीमा पर जाम की स्थिति गंभीर होती जा रही है। पहले जहां प्रतिदिन करीब 500 वाहन नेपाल की ओर जाते थे, वहीं अब रास्ते में बढ़ते अतिक्रमण और यातायात बाधित होने के कारण करीब 300 वाहन ही नेपाल पहुंच पा रहे हैं। इस वजह से सोमवार को 15 किमी तक लगा जाम मंगलवार को बढ़कर 19 किमी हो गया।
वाहनों की संख्या कम होने से सीमा क्षेत्र में ट्रकों की कतार लगातार बढ़ती जा रही है। बताया जा रहा है कि नेपाल जाने वाले करीब 300 वाहनों में लगभग 100 वाहन रेलवे माल गोदाम से संबंधित हैं। इसके अलावा फल-सब्जी तथा तीसरे देशों से आने-जाने वाले मालवाहक वाहन 100 भी शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के महानगरों और दूसरे प्रदेशों से आने वाले वाहनों को भी नेपाल जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिसमे 100 गाड़ी के करीब उनकी संख्या आती है। जिससे जाम की कतार बढ़ती जा रही है। पर्याप्त संख्या में डायरेक्ट गाड़ियों के नही जाने के कारण सोनौली सीमा पर यातायात प्रभावित होने लगा है।
चालकों के मुताबिक नौतनवा रेलवे मालगोदाम पर प्रतिदिन माल की रैक पहुंच रही है। वहां से लोड होने वाले स्थानीय ट्रक नौतनवा कस्बे के रास्ते सीधे सोनौली सीमा की ओर पहुंच रहे हैं। इन वाहनों को कतार में खड़े अन्य वाहनों की अपेक्षा प्राथमिकता दी जा रही है। इससे पहले से लाइन में लगे ट्रक चालकों में नाराजगी है।
मालवाहक वाहनों की जाम में फंसे चालक पवन शर्मा निवासी गाजियाबाद, हरदीप निवासी दिल्ली, गुलशन निवासी कुशीनगर का कहना है कि वे पिछले एक सप्ताह से नेपाल में प्रवेश की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उनका आरोप है कि कुछ स्थानीय वाहन मालिक कथित रूप से पुलिस से मिलीभगत कर अपने वाहनों को बिना लाइन के नेपाल भेज रहे हैं।
चालकों का कहना है कि यदि सभी वाहनों के लिए समान व्यवस्था लागू की जाए और निर्धारित क्रम के अनुसार ही नेपाल में प्रवेश दिया जाए तो लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या को कम किया जा सकता है। ट्रक चालकों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर सभी वाहनों के लिए समान व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस संबंध में सीओ नौतनवा बसंत कुमार सिंह ने बताया कि सभी वाहन लाइन से ही जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।