परसामलिक/ नौतनवा। नौतनवा और परसामलिक थाने की पुलिस ने शनिवार की सुबह गश्त के दौरान 16 बोरी यूरिया बरामद किया। बाद में कस्टम विभाग को सौंप दिया। परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत छितवनिया में पगडंडी रास्ते से पुलिस गश्त कर रही थी। पुलिस को देख तस्कर खाद की बोरियां फेंककर नेपाल भाग गए। पुलिस ने मौके से चार बोरी खाद बरामद कर लिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र कुमार राय ने बताया कि खाद कस्टम कार्यालय को सुपुर्द किया गया है।
नौतनवा पुलिस ने क्षेत्र के दुर्गापुर से लावारिस हालत में रखी 12 बोरी खाद बरामद कर उसे जब्त कर लिया। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि उपनिरीक्षक शेर बहादुर यादव शनिवार की दोपहर क्षेत्रीय भ्रमण पर थे। इसी दौरान दुर्गापुर स्थित एक पुल के पास छिपाकर रखी गई 12 बोरी खाद बरामद हुई।
यूरिया लदा पिकअप पकड़ा : कोल्हुई। एसआई जनार्दन चौधरी ने गश्त के दौरान कोल्हुई थानाक्षेत्र के बॉर्डर रोड से शनिवार को 55 बोरी यूरिया खाद लदी एक पिकअप को पकड़कर कस्टम विभाग के हवाले कर दिया। पिकअप चालक को हिरासत में पुलिस ने पूछताछ की, मगर वह इस सवाल का संतोष जवाब नहीं दे पाया कि यूरिया खाद किसकी है और उसे लेकर वह कहां जा रहा था। चालक का नाम अरविंद निवासी गौतम बुद्धनगर नौतनवा बताया गया है। संवाद