72 अंग्रेजी स्कूलों में पढ़ाने को नहीं जुटा सके शिक्षक
जुलाई तक 670 शिक्षकों की तैनाती की चल रही तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बीते शिक्षा सत्र में जिले के सभी ब्लॉकों में छह-छह अंग्रेजी माध्यम के प्राथमिक स्कूल संचालित किए गए. इन विद्यालयों में शिक्षकों की संख्या पूरी नहीं हो सकी। वहीं वर्तमान शिक्षा सत्र में अंग्रेजी माध्यम से संचालित करने के लिए 80 स्कूलों का चयन लोकसभा चुनाव से पहले ही किया गया। इनके अलावा 60 प्राथमिक स्कूलों को अंग्रेजी माध्यम से संचालित करने के लिए चयन की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में इन स्कूलों में शिक्षकों की संख्या कैसे पूरी होगी, यह समस्या बनी हुई है। हालांकि बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से दावा किया जा रहा है कि जल्द ही शिक्षकों से आवेदन पत्र लेकर परीक्षा के बाद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में तैनाती की जाएगी।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2018-19 में जिले के सभी ब्लॉकों को मिलाकर कुल 72 अंग्रेजी माध्यम स्कूल चयनित किए गए थे। प्रत्येक स्कूल में पांच-पांच शिक्षकों की जरूरत थी। अंग्रेजी माध्यम के इन स्कूलों में परिषदीय शिक्षकों से आवेदन लिए जाते हैं। शिक्षकों की परीक्षा के बाद उन्हें अंग्रेजी स्कूलों में तैनाती दी जाती है। लेकिन पिछले शिक्षा सत्र में चयनित 72 अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में अब भी करीब 54 शिक्षकों के पद रिक्त चल रहे हैं। शिक्षा सत्र बीत गया लेकिन शिक्षकों की तैनाती की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। उधर, वर्ष 2019-20 में लोकसभा चुनाव से पहले ही 65 प्राथमिक व 15 पूर्व माध्यमिक विद्यालय को अंग्रेजी माध्यम से संचालित किया गया था। इसके अलावा विभाग की ओर से 60 और स्कूलों को अंग्रेजी माध्यम से संचालित करने के लिए विद्यालयों की सूची तैयार की जा रही है। ऐसे में 140 स्कूलों में करीब 670 शिक्षकों की जरूरत होगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जगदीश शुक्ला ने बताया कि जल्द ही अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती के लिए परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों से आवेदन लिए जाएंगे। जुलाई माह से पहले ही शिक्षकों की तैनाती कर दी जाएगी।