चिउटहा। क्षेत्र में दसवीं कक्षा की एक किशोरी बिना विवाह के मां बन गई। उसका प्रेमी उसे इस हालत में छोड़कर फरार होगया। इस कुंवारी किशोरी ने चिउटहा के एएनएम सेंटर पर एक नवजात को जन्म दिया। यह मामला सिंदुरिया थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां मंगलवार रात लगभग दस बजे किशोरी को एएनएम सेंटर पर भर्ती कराया गया था।
सुबह पांच बजे उसने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। प्रसव कराने वाली एएनएम पर आरोप है कि उसने 15 वर्षीय किशोरी को गलत तरीके से भर्ती किया और 10,000 रुपये में प्रसव कराने के साथ नवजात को बेचने का प्रयास किया। किसी ने इस बात की सूचना सिंदुरिया थाने को दी, जिसके बाद पुलिस चौकी प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में वन स्टॉप सेंटर महराजगंज की टीम और 112 पुलिस की टीम भी शामिल रही।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए तुरंत जांच के आदेश दिए हैं। सीएमओ ने निर्देश दिया कि मामले की तीन दिनों में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा के अनुसार, मामले की जांच चल रही है और यदि तहरीर मिलती है, तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद ै