10 अगस्त को जनपद के सभी स्कूलों पर लगाया जाएगा शिविर
1 वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को खिलाई जाएगी दवा
महराजगंज। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में 10 अगस्त को आयोजित होने वाले अभियान के तहत 1 वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी। इस अवसर पर 14.92 लाख बच्चों और किशोरों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान के प्रभावी संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं और विभिन्न स्तरों पर बैठकों का आयोजन किया जा रहा है।अभियान की रूपरेखा तय करने के लिए 30 जुलाई को अंतरविभागीय बैठक आयोजित होगी। इसके बाद 5 अगस्त को सभी ब्लॉकों में निजी विद्यालयों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। अभियान के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहुएं, विद्यालयों के शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी मिलकर बच्चों को दवा खिलाने का कार्य करेंगे।
जिले के सभी 12 विकास खंडों और शहरी क्षेत्र के विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 अगस्त को कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। जो बच्चे किसी कारणवश उस दिन दवा नहीं ले पाएंगे, उनके लिए 14 अगस्त को मॉप-अप दिवस के रूप में पुनः शिविर आयोजित कर एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी ताकि कोई भी पात्र बच्चा अभियान से वंचित न रह जाए।
स्वास्थ्य विभाग ने इस वर्ष जिले में कुल 14,92,146 बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके सापेक्ष 14,92,800 एल्बेंडाजोल गोलियों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। ब्लॉकवार लक्ष्य में बृजमनगंज में 1,16,459, धानी में 38,044, फरेंदा में 1,16,301, लक्ष्मीपुर में 1,25,296, महराजगंज सदर में 1,22,144, पनियरा में 1,23,777, मिठौरा में 1,36,758, निचलौल में 1,52,457, घुघली में 1,25,071, परतावल में 1,32,233, नौतनवा में 1,58,739, सिसवा में 1,26,008 तथा महराजगंज शहरी क्षेत्र में 18,859 बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस दवा से पेट में कृमि होने से बच्चों के स्वास्थ्य और विकास पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। एल्बेंडाजोल की गोली कृमियों को समाप्त करने में प्रभावी है, जिससे बच्चों के शरीर को पोषक तत्वों का बेहतर लाभ मिलता है। इससे पोषण स्तर में सुधार, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि, शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा तथा पढ़ाई में एकाग्रता और सीखने की क्षमता बेहतर होती है।
वर्जन
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत 10 अगस्त को जिले के सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर 1 वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को इस अभियान में अवश्य शामिल कराएं।
- डॉ. केपी सिंह, डिप्टी सीएमओ