महराजगंज। रविवार को जिला अस्पताल की ओपीडी बंद रहने के बाद सोमवार को अस्पताल खुलते ही मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही पंजीकरण काउंटर से लेकर चिकित्सकों के कक्ष तक मरीजों की लंबी कतार देखने को मिली। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में कुल 1456 मरीजों ने पहुंचकर चिकित्सकों से परामर्श लिया और अपना उपचार कराया।
फिजिशियन डॉ. वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि इन दिनों मौसम में बदलाव और बारिश के कारण सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि रविवार को ओपीडी बंद रहने के कारण सोमवार को मरीजों की संख्या अधिक रही। अस्पताल प्रशासन की ओर से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।