महराजगंज। फरेंदा थाने के परसाबेनी में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्ष से चार लोग घायल हो गए। घायलों को लोग इलाज के लिए सीएचसी बनकटी ले गए। जहां एक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।
फरेंदा थाना क्षेत्र के परसाबेनी निवासी नाजिम अली व अब्दुल रऊफ के बीच पहले से रंजिश चल रही थी। शनिवार की शाम करीब छह बजे किसी बात को लेकर दोनों पक्ष के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष के बीच जमकर मारपीट हो गई। मारपीट की इस घटना में एक पक्ष के पैगाम हुसैन (30) ब तसब्बुल हुसैन (38) व दूसरे पक्ष से मोहम्मद जफर (35) तथा खालिद हुसैन (26) घायल हो गए। लोग घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद पैगाम हुसैन की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। एसओ सत्येंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।