महराजगंज। कोतवाली थाना क्षेत्र के महुअवां गांव निवासी अधिवक्ता की पत्नी को गलत दवा दिए जाने के कारण बीते शाम को उनकी मौत हो गई। दवा लेने वाला शख्स महुअवा चौराहे के पास मेडिकल स्टोर संचालक है। आरोप है कि उसने दवा दी, जिससे अधिवक्ता की पत्नी की हालत खराब हो गई। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।
महुअवां गांव के रहने वाले कैलाश प्रसाद अग्निहोत्री शनिवार की शाम पत्नी रमावती के साथ कहीं जा रहे थे। वह महुअवा चौराहे पर पहुंचे तो रमावती की तबीयत कुछ ठीक नहीं लगी। इस पर अधिवक्ता कैलाश ने मुहअवा चौराहे के पास स्थित मेडिकल स्टोर संचालक से समस्या बताई। इस पर मेडिकल स्टोर संचालक ने उन्हें कुछ दवा दे दी। वह दवा खाने पर रमावती की तबीयत ज्यादा खराब हो गई। पत्नी की हालत ज्यादा खराब देख कैलाश उन्हें जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने चेकअप के बाद मृत घोषित कर दिया। रविवार को अधिवक्ता की ओर से मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई। कोतवाल सदर रामदवन मौर्य ने बताया कि इस मामले में मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ गैर इरादन हत्या का केस दर्ज कर जांच की जा रही है।