14 कोरोना पॉजिटिव मिले, एक्टिव केस हुए 51
जिले में कोरोना से स्वस्थ होने वालों का ग्राफ बढ़ा
महराजगंज। जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़ते जा रही है। बुधवार को फिर 14 कोरोना पॉजिटिव मिले। एक साथ इतने संक्रमित मिलने से प्रशासन भी सतर्क हो गया है। वहीं चार पॉजिटिव स्वस्थ होकर घर गए। पॉजिटिव केस से ज्यादा जिले में स्वस्थ होने वालों की संख्या है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संक्रमितों के गांव में स्क्रीनिंग के साथ ही सैनिटाइज भी कराया जा रहा है। कोविड अस्पताल पुरैना में तैनात मेडिकल स्टाफ द्वारा मरीजों की बेहतर ढंग से देखभाल की जा रही है, जिससे स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़ गई है।
जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण की गंभीरता को देखते हुए 12 व 13 जून को भेजे गए कोरोना नमूनों की जांच रिपोर्ट 17 जून को मिली है, जिसके अनुसार जांच में 14 नमूने पॉजिटिव मिले हैं। पॉजिटिव मिले मरीजों में एक सुनारी मोहल्ला लक्ष्मीपुर, एक परसिया टोला फरेंदा, एक मुजहना बुजुर्ग, 2 मिश्रौलिया, एक मरीज पारसखाड़, एक विशेषपुर, 3 सिसवा बाजार, एक कैमी, एक सौराह तथा 2 भैसला कैंपियरगंज के निवासी हैं। इन्हें इलाज के लिए कोविड केयर हॉस्पिटल पुरैना भेजा गया है। जिले में अब तक कोरोना के कुल केस 118 हो गए हैं। वही कोरोना के एक्टिव मामले 51 हैं। इसके अलावा बुधवार को 4 कोरोना मरीज कोविड केयर हॉस्पिटल पुरैना से डिस्चार्ज हुए हैं। स्वस्थ होने वालों में एक फरेंदा, एक कैंपियरगंज, एक निचलौल तथा एक लक्ष्मीपुर का निवासी है। अब तक डिस्चार्ज होने वालों की संख्या 66 हो गई है।
442 प्रवासी मजदूरों की हुई थर्मल स्क्रीनिंग
फरेंदा। दूसरे राज्यों में फंसे प्रवासी मजदूरों के घर पहुंचने का सिलसिला अभी भी जारी है। सेठ आनंदराम जयपुरिया इंटर कालेज में बने आश्रय केंद्र में बुधवार को 442 प्रवासी मजदूरों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। आश्रय केंद्र पर पहुंचे एसडीएम राजेश जायसवाल व सीओ अशोक कुमार मिश्र ने थर्मल स्क्रीनिंग का जायजा लेते हुए समस्या के समाधान करने का निर्देश दिया। बीईओ हेमवंत कुमार एवं ब्लाक व राजस्व कर्मचारियों ने कामगारों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई। अधीक्षक डॉ. हीरालाल ने बताया कि आश्रय स्थल पर 10 लोगों का तापमान अधिक मिलने के कारण सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
नेपाल से 271 भारतीय लौटे स्वदेश
नेपाल से 271 भारतीय नागरिक मंगलवार को सोनौली पहुंचे। सभी लोगों से आब्रजन कार्यालय में जरूरी प्रपत्र जमा करए गए। इसके बाद उनकी स्क्रीनिंग की गई। इसके बाद उन्हें स्वास्थ प्रमाण दिया गया। यह जानकारी क्षेत्राधिकारी नौतनवां राजू कुमार साव ने दी। उन्होंने बताया कि नेपाल से आने वाले नागरिकों को बस से घर भेजा गया। वहीं 250 नेपाली नागरिक नेपाल रवाना हुए। इसके अलावा नेपाल से 50 गोरखा सैनिक आए।