जिले में बनेंगे 12 अभ्युदय विद्यालय
महराजगंज। जिले के सभी 12 ब्लॉकों में एक-एक अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय बनाया जाएगा। यहां इंटर तक शिक्षा प्रदान की जाएगी। हर विद्यालय के निर्माण पर करीब एक करोड़ रुपये का खर्च ओगा।
शासन की ओर से प्रत्येक ब्लॉक में एक-एक अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय के संचालन की व्यवस्था बनाई गई है। इसके लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से ऐसे विद्यालयों का नाम मांगा गया है, जहां अधिक संख्या में विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विभाग की ओर से जिले में 250 से अधिक छात्र-छात्राओं की संख्या वाले विद्यालयों का नाम भेजा जाना है।
पहले चरण में विभाग की ओर से छह ब्लॉकों के सात विद्यालयों का नाम भेजा गया है, उनमें सदर ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय केवलापुर खुर्द, सिसवा के कंपोजिट विद्यालय हिमाचल छपरा, मिठौरा के कंपोजिट विद्यालय बरवां राजा, नौतनवां के कंपोजिट विद्यालय जमुहानी व सेखुआनी, निचलौल के कंपोजिट विद्यालय मैरी व बृजमनगंज के कंपोजिट विद्यालय दुबौलिया शामिल हैं। शेष छह ब्लॉकों के विद्यालयों के नाम दूसरे चरण में भेजे जाएंगे।
यह सुविधा उपलब्ध होगी
पांच कक्षों से युक्त एकीकृत भवन
मध्याह्न भोजन के लिए पक्का डाइनिंग हॉल व किचन
सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों के लिए बड़ा परिसर, जिसमें स्टेज के साथ ध्वज फहराने एवं बच्चों के परेड के लिए स्थान हो
झूला, उच्चीकृत शौचालय और बालिकाओं के लिए अलग शौचालय
साइकिल स्टैंड व पार्किंग स्थल
शुद्घ पेयजल के लिए आरओ
डेस्क-बेंच की उपलब्धता के साथ ही हैंडवाशिंग यूनिट की स्थापना
जिले के हर ब्लॉक में एक-एक अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय बनाने के लिए छह ब्लॉकों के सात विद्यालयों के नाम विभाग को मिले हैं। इनके बन जाने से परिषदीय विद्यार्थियों को माध्यमिक स्तर की शिक्षा प्राप्त करने में सहूलियत मिलेगी।
- आशीष कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी