सिंदुरिया। थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के 11 लोगों से 14.60 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। एक फर्जी एनजीओ ने बेरोजगारों को नौकरी व विभिन्न स्कीम में लाभ दिलाने का लालच देकर अपने जाल में फंसाया। बुधवार को पीड़ितों की तहरीर पर सिंदुरिया पुलिस ने दो आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया।
सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मोहनापुर निवासी शिवधनी समेत अन्य लोगों ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वे कई माह से रोजगार की तलाश में थे। उसी दौरान उनकी मुलाकात दो माह पूर्व रूरल एजुकेशन हेल्थ डवलपमेंट मिशन संस्था नामक एनजीओ के संचालक जितेंद्र निषाद निवासी हरिहरपुर एवं एनजीओ में पहले से डीआईओ के पद पर कार्यरत रविकुमार निवासी बड़हरा मीर थाना सिंदुरिया से हुई।
दोनों आरोपियों ने पीड़ितों को विभिन्न स्कीम में इन्वेस्ट करने व वेतन बेस पर नौकरी देने का आश्वासन दिया। आरोप है कि उनके झांसे में आकर शिवधनी ने सोलर पैनल के नाम पर एक लाख 10 हजार व धान खरीदने के स्कीम में छह लाख रुपये इन्वेस्ट के नाम पर दे दिए। पीड़ित ने बताया कि उसके अलावा 10 अन्य लोगों को भी झांसे में लेकर 14 लाख 60 हजार रुपये विभिन्न योजनाओं में आरोपियों ने जमा कर लिए।
साथ ही ठगों ने मोहनापुर में संचालित रूरल एजुकेशन हेल्थ डवलपमेंट मिशन संस्था नामक एनजीओ के कार्यालय पर पीड़ितों को नौकरी देकर काम पर रख लिया। सभी पीड़ितों को आईडी कार्ड व कंपनी की फर्जी कूटरचित आईडी ऑनलाइन साफ्टवेयर के माध्यम से बनाकर दे दी। इसी तरह दोनों आरोपियों ने क्षेत्र के दर्जनों किसानों से छह सौ 79 क्विंटल धान लेकर दूसरे को बेच दिए और उसके रुपये भी अपने पास रख लिए।
कुछ दिन बाद जब पीड़ित अपना पैसा मांगने लगे तब आरोपियों ने उन्हें फर्जी चेक थमा दिया। चेक लेकर पीड़ित बैंक पहुंचे तो पता चला कि चेक पर अंकित नाम से बैंक में कोई खाता नहीं है। पीड़ितों ने एनजीओ के बारे में पता किया तो एनजीओ भी फर्जी निकला। थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा के अनुसार, तहरीर के आधार पर आरोपी जितेंद्र व रविकुमार के विरुद्ध धोखाधड़ी में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
राजकुमार शर्मा सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर।संवाद
राजकुमार शर्मा सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर।संवाद
राजकुमार शर्मा सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर।संवाद
राजकुमार शर्मा सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर।संवाद