मिठौरा। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत शनिवार को जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. वीरेंद्र आर्या ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिठौरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गर्भवतियों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान 60 गर्भवतियां आईं थीं इनमें 11 हाई रिस्क वाली गर्भवतियों को चिंह्नित किया गया।
डीटीओ ने अभियान के अंतर्गत पंजीकृत गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड सैंपल, आवश्यक जांच, अल्ट्रासाउंड के लिए रेफरल और हाई रिस्क गर्भवतियों के चिंह्नित करने की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से अभियान की प्रगति पर चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक गर्भवती तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।