पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने इस सफलता पर सर्विलांस सेल की टीम को बधाई देते हुए कहा कि जनता की छोटी से छोटी समस्या का त्वरित समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग वर्तमान समय की आवश्यकता है और सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल जैसे प्लेटफॉर्म नागरिकों की संपत्ति सुरक्षित रखने में बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने या सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया अधिकांश मोबाइल भीड़भाड़ वाले बाजारों, यात्रा के दौरान ऑटो-बसों में छूटने, बाइक चलाते समय गिरने, सार्वजनिक कार्यक्रमों, शादियों, पार्कों और धार्मिक स्थलों पर लापरवाही के कारण गुम हुए थे। कुछ मोबाइल बच्चों द्वारा गेम खेलते समय और कुछ नशे की हालत में भी खो गए थे।
बरामदगी करने वाली टीम में सर्विलांस सेल के सुशील सिंह, शिवानंद पासवान, राजकुमार राजभर, आलोक पांडेय, सुधीर कुमार यादव, सूरज गुप्ता और नीरज कुमार गोंड शामिल रहे।