पंजाब और हरियाणा के साथ ही यूपी और हिमाचल में भी गोवंश का दुश्मन लंपी वायरस कहर बरपा रहा है। पंजाब के सुनाम और आसपास के ग्रामीण इलाकों में वायरस का प्रको बढ़ा है। क्षेत्र के लगभग 70 फीसदी दुधारू पशु इस संक्रामक विषाणु की चपेट में आ गए हैं।
पंजाब के पशुपालकों के अनुसार, भूख न लगने पर संक्रमित पशुओं की हालत तेजी से बिगड़ रही है। तेज बुखार और शरीर पर गांठें बनने से पशु चारा खाना छोड़ रहे हैं।
बीमारी के अचानक फैलने से दवाओं की मांग कई गुना बढ़ गई है। लंपी रोग के इलाज में कारगर पेनिसिलिन एंटीबायोटिक इंजेक्शन की बाजार में भारी किल्लत है।
हरियाणा के 9 जिलों संक्रमण फैला, एक पशु की मौत
हरियाणा के नौ जिलों भिवानी, झज्जर, रोहतक, यमुनानगर, बहादुरगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ में पशुओं में लंपी फैलने की जानकारी सामने आई है। एक पशु की मौत हुई है।
हिमाचल प्रदेश में 2,500 पशु संक्रमित, 90 मरे
हिमाचल प्रदेश में पशुओं में लंपी बीमारी तेजी से फैल रही है। अब तक करीब 2,500 पशु इसकी चपेट में आ चुके हैं, जबकि 90 पशुओं की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा मामले सिरमौर में सामने आए हैं।
यूपी में 20 जिले प्रभावित
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के 20 जिलों में पशुओं में लंपी बीमारी फैल गई है। हरियाणा से सटे जिलों में इसके सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। अब तक करीब 14 पशुओं की मौत हो चुकी है, जबकि बाकी संक्रमित पशुओं का इलाज चल रहा है। दूसरे राज्यों की सीमा से लगे जिलों में टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।