किशोर उम्र के प्रेम-त्रिकोण में उत्तर प्रदेश के टूंडला में एक पुलिस कर्मी के बेटे ने अपने साथी छात्र की बीच सड़क पर गलाकाट कर जान ले ली। मरने वाले का गुनाह यह था कि उसकी जिस लड़की के साथ मुहब्बत थी, हत्यारोपी भी उसी लड़की को चाहता था।
इसी को लेकर दोनों के बीच मंगलवार को भी झगड़ा हुआ। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना में मारा गया छात्र सुमित (17) पुत्र निरंज सिंह जाट, अलावलपुर मार्ग एटा रोड का निवासी था। मंगलवार की दोपहर तेल मिल रोड निवासी रोहित दिवाकर सुमित को उसके घर से मोबाइल दिलाने के बहाने बुलाकर लाया।
दोनों स्कूटर से बाजार जा रहे थे, रास्ते में इनके साथी छात्र फैज (18) का फोन रोहित के पास आया और उसने दोनों को चुल्हावाली पुलिया पर बुला लिया।
यहां फैज और सुमित में एक छात्रा को लेकर कहासुनी हो गई। फैज ने स्कूटर पर पीछे बैठे सुमित की गर्दन पर हंसिया से प्रहार कर दिया। सुमित ने भागने का प्रयास किया तो फैज ने उसे सड़क पर गिरा कर गर्दन पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। बीच सड़क पर हुई घटना से लोगों में दहशत फैल गई।
भीड़ जुटने लगी तो फैज मौके से भाग निकला। सुमित को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने रोहित को हिरासत में ले लिया।
रोहित ने पुलिस पूछताछ में बताया कि फैज आरपीएफ में तैनात कांस्टेबिल उस्मान अली का पुत्र है। तीनों एमएस इंटर कालेज में इंटर में पढ़ते हैं। इस बार फैज और सुमित फेल हो गए थे।
रोहित ने बताया कि फैज कालेज में पढ़ने वाली एक लड़की को पसंद करता है तथा उस लड़की की दोस्ती सुमित से थी। इसी को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हुई।
मंगलवार को भी झगड़ा उसी को लेकर हुआ। सुमित के भाई यतेंद्र ने फैज व रोहित के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कराया है।