एक दशक में प्रदेश की आबादी 3.36 करोड़ बढ़ गई लेकिन मासूमों की तादाद में गिरावट चिंताजनक है। और इससे भी ज्यादा चिंताजनक है बच्चों के लिंगानुपात मे भी प्रति हजार में 14 प्वाइंट की भारी गिरावट।
जनगणना के अंतिम आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश की आबादी 19 करोड़ 98 लाख 12 हजार 341 हो गई।
पिछले एक दशक में जनसंख्या वृद्धि दर 20.2 फीसदी रही और शहरी जनसंख्या डेढ़ फीसदी बढ़ी। आबादी का सबसे ज्यादा दबाव गाजियाबाद और सबसे कम ललितपुर जिले में है।
जनगणना निदेशालय के संयुक्त निदेशक प्रदीप कुमार ने बुधवार को जनगणना 2011 के कई सूचकांकों के अंतिम आंकड़े जारी किए। ये आंकड़े प्रदेश, जिला और तहसील स्तर तक के हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 71 जिले, 312 तहसील, 915 नगर और 106774 गांव हैं। इनकी कुल जनसंख्या 19,98,12,341 है। इसमें ग्रामीण जनसंख्या 77.7 फीसदी और नगरीय आबादी 22.3 प्रतिशत है।
राज्य का जनसंख्या घनत्व 829 प्रति वर्ग किमी है। यह वर्ष 2001 की तुलना में 139 प्वाइंट ज्यादा है। वर्ष 2001 में राज्य में स्त्री-पुरुष अनुपात 898 जो 14 प्वाइंट बढ़कर 912 हो गया है। प्रदेश में अनुसूचित जाति की आबादी 20.7 फीसदी है।
बच्चों की जनसंख्या : 0-6 वर्ष
जनगणना 2011 के आंकड़ों के मुताबिक 0-6 आयु वर्ग के बच्चों की कुल संख्या तीन करोड़ सात लाख 91 हजार 331 हैं। इनमें 2,50,40,583 बच्चे ग्रामीण और 57,50,748 बच्चे नगरीय क्षेत्रों में हैं।
वर्ष 2001 से तुलना करें तो प्रदेश में बच्चों की संख्या में 8,33,297 की गिरावट आई है। बच्चों की संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों में 12 लाख 18 हजार 630 और नगरीय क्षेत्रों में तीन लाख 85 हजार 333 की कमी आई है।
एक दशक में राज्य केबच्चों की जनसंख्या में 2.8 प्रतिशत की कमी हुई। ग्रामीण क्षेत्र में यह गिरावट 4.6 प्रतिशत रही लेकिन नगरीय क्षेत्रों में 7.2 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।
बच्चों का लिंगानुपात : 0-6 वर्ष
वर्ष 2001 से 2011 की अवधि में छह साल के बच्चों केलिंगानुपात में गंभीर गिरावट आई है। लिंगानुपात प्रति हजार 916 से गिरकर 902 पर पहुंच गया है। यानी -14 प्वाइंट की गिरावट।
पिछले दशक में ग्रामीण क्षेत्रों में लिंगानुपात 15 प्वाइंट गिरकर 921 से 906 और शहरी क्षेत्रों में पांच प्वाइट गिरकर 890 से 885 पहुंच गया है।
बागपत में सबसे कम, बलरामपुर में सर्वाधिक लिंगानुपात
प्रदेश में सर्वाधिक लिंगानुपात बलरामपुर में 950 और सबसे कम 841 बागपत जिले का है। ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वाधिक लिंगानुपात बलरामपुर और सबसे कम गौतमबुद्धनगर में 826 पाया गया है। नगरीय क्षेत्रों में सबसे ज्यादा सेक्स रेश्यो मऊ में 954 और सबसे कम 848 मेरठ और गाजियाबाद में है।
आबादी में टॉप फाइव जिले
जिला.................आबादी
इलाहाबाद..........5959798
मुरादाबाद..............4773138
गाजियाबाद...........4661452
आजमगढ़...............4616509
लखनऊ..............4588455
सबसे कम आबादी वाले पांच जिले
श्रावस्ती.................1114615
ललितपुर..................1218002
बागपत....................1302156
औरैया........................1372287
काशीराम नगर................1438156
लखनऊ सबसे बड़ा शहर
लखनऊ....................2815601
कानपुर.......................2767031
गाजियाबाद.....................1636068
आगरा.....................1574542
मेरठ .....................1309023