संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अमरपुर मंडी के सामने सोमवार को हाईवे पर अज्ञात ट्रक की टक्कर से जान गंवाने वाले युवक की पहचान हो गई है। परिजनों ने मृतक की शिनाख्त महरौनी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अंडेला निवासी पहाड़ सिंह (35) के रूप में की है।
सोमवार सुबह अमरपुर मंडी के सामने हाईवे पर पैदल जा रहे युवक को एक ट्रक ने टक्कर मार दी थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना पर अमरपुर मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे एंबुलेंस की मदद से उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया था।
मृतक के कपड़ों और हुलिये के आधार पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास शुरू किए थे। मंगलवार को परिजनों ने उसकी शिनाख्त पहाड़ सिंह के रूप में की। परिजनों के अनुसार, पहाड़ सिंह सोमवार सुबह काम के सिलसिले में अमरपुर गल्ला मंडी गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। मंगलवार को पुलिस से सूचना मिलने पर उन्हें हादसे और उसकी मौत की जानकारी मिली।