ललितपुर। जिला संयुक्त चिकित्सालय में आउट सोर्सिंग से काम कर रहे संविदा सफाई कर्मचारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर हटाए गए बीस कर्मचारियों को फिर से काम पर रखे जाने की मांग की है।
वार्ड- बाय व सफाई कर्मचारी बुंदेलखंड एसोसिएशन के बैनर तले जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में बताया गया कि गत कई वर्षों से जिला अस्पताल में वह निष्ठा के साथ कार्य करते आ रहे हैं। यहां तैनात वार्ड बाय व सफाई कर्मचारियों को 1500 रुपये प्रतिमाह का मानदेय मिलता था, लेकिन अब वर्तमान में उन्हें 3100 से 4000 रुपये तक मिल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार बदलने से स्थिति काफी दयनीय हो गई है। लगातार काम करने के बाद भी समय पर भुगतान नहीं मिलता है। उन्हाेंने बताया कि पिछली एक मई से 22 मई तक किए गए कार्य का भुगतान आज तक नहीं दिया गया है। कर्मचारियों ने ठेकेदार द्वारा हटाए गए 20 कर्मियों को फिर से काम पर रखे जाने की मांग की है।
मांगे पूरी न होने पर कर्मचारियों ने आंदोलन की चेतावनी दी। ज्ञापन देने के दौरान जितेंद्र, अरुण कुमार, सुरेश रायकवार, विष्णुकांत तिवारी, मुकेश, आकाश कुशवाहा, दिनेश, राजेश रैकवार, विकास घावरी, आर वर्मा, रामकिशोर, राजेश, आनंद, अकरम, हरीओम, भवानी सिंह, गंगा व विक्रांत आदि मौजूद रहे।