ललितपुर। लॉकडाउन के दौरान दिल्ली और हरियाणा के विभिन्न शहरों में फंसे मजदूरों को उनके गृह जनपदों में पहुंचाने के लिए रेलवे द्वारा छतरपुर के लिए अब तक तीन विशेष श्रमिक ट्रेन संचालित की गईं। इनके माध्यम से छतरपुर रेलवे स्टेशन तक करीब 3500 से अधिक श्रमिकों को पहुंचाया गया है। सोमवार को हरियाणा के भिवानी से श्रमिक स्पेशल ट्रेन छतरपुर के लिए संचालित की गई, जो ललितपुर रेलवे स्टेशन पर इंजन बदलने के लिए करीब आधा घंटे तक रुकी रही। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए।
रेलवे द्वारा सात मई को दिल्ली से छतरपुर के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेन संचालित की गई थी, जिसमें 1032 मजदूर सवार थे। यह ट्रेन आठ मई को सुबह 3.55 बजे ललितपुर आई थी, जो आधे घंटे रुककर इंजन बदलने के बाद छतरपुर के लिए रवाना हो गई थी। इसके बाद दस मई को सुबह 5.37 बजे रेवाड़ी से चलकर छतरपुर के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेन आई, जो सुबह 6.10 बजे छतरपुर के लिए रवाना हुई। इस ट्रेन में 140 बच्चों समेत 1340 यात्री सवार थे।
अब को हरियाणा के भिवानी से चलकर छतरपुर जाने वाली श्रमिक स्पेशल ट्रेन सोमवार को रात 3.34 बजे ललितपुर स्टेशन पहुंची। इस ट्रेन के पहुंचने से पूर्व ही रेलवे के निर्देश पर विशेष सुरक्षा प्रबंध कर लिए गए। जीआरपी व आरपीएफ के अलावा यहां सिविल पुलिस बल भी भारी संख्या में तैनात रहा। इस ट्रेन से भी कोई भी यात्री ललितपुर स्टेशन पर नहीं उतरा और न ही ट्रेन में चढ़ा। यह ट्रेन लगभग आधा घंटे रुकने के बाद इंजन बदलने पर सुबह 4.12 बजे छतरपुर के लिए रवाना हो गई।
ट्रेन के आने पर लगातार अनाउंस भी कराया जाता रहा कि कोई भी यात्री प्लेटफार्म पर न उतरे, उन्हें छतरपुर स्टेशन पर ही उतरना है। इस मौके पर स्टेशन प्रबंधक जीडी वर्मा, रेल यातायात निरीक्षक डीके चतुर्वेदी, उपस्टेशन अधीक्षक रंजन अमित कुमार, सीओ सिटी केशवनाथ, आरपीएफ प्रभारी वीरेंद्र चौधरी, जीआरपी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सरोज आदि उपस्थित रहे।
----------
रेलवे स्टेशन पर कराया सैनिटाइज
श्रमिक स्पेशल ट्रेन छतरपुर के लिए रवाना होने के बाद रेलवे प्रशासन द्वारा स्टेशन पर कोने- कोने में सैनिटाइज का छिड़काव कराया गया। यहां तक कि दोनों प्लेटफार्म, दीवारों, वेटिंग रूम, स्टेशन रूम के अलावा रेल पटरियों पर भी सैनिटाइज कराया गया।