पुत्र ने कहा - चोरी के आरोप लगाकर की गई बेइज्जती से परेशान होकर की आत्महत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। महिला का शव रस्सी के फंदे पर लटकता हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने शादी कार्यक्रम में जाने के दौरान एक महिला द्वारा रुपया चोरी करने के आरोप से क्षुब्ध होकर आत्महत्या करने का आरोप लगाया है।
थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम डोंगराकलां निवासी रामकली (40) पत्नी बलराम कुशवाहा का शव बुधवार की देर रात घर के अंदर कमरे में लोहे के पाइप में रस्सी के फंदे पर लटकता हुआ मिला। घटना को लेकर पुत्र सुरेंद्र ने बताया कि बुधवार की रात को सभी लोग अपने अपने कमरों में सो रहे थे। देर रात जब उसकी बहन मिनी शौचक्रिया को उठी तो देखा कि कि कमरे में लोहे के पाइप से मां रामकली रस्सी के फंदे पर लटक रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत के कारण पर सुरेंद्र ने आरोप लगाते हुए बताया कि 23 अप्रैल को उसकी मां शहर के मोहल्ला चौबयाना में आयोजित एक शादी में शामिल होने गई थी। यहां एक रिश्तेदार महिला ने रामकली पर ढाई हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगाकर बेइज्जत किया था। इससे परेशान होकर उसकी मां ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। मृतका के दो पुत्र व एक पुत्री है।