ललितपुर। थाना नाराहट के अंतर्गत ग्राम इमलियाकला में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में कीटनाशक के सेवन से मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना नाराहट के ग्राम इमलिया निवासी पानबाई (20) पत्नी छोटेलाल सहरिया सोमवार को सुबह नौ बजे घर में थीं। पति व ससुर खेत गए थे और सास नदी पर नहाने गईं थी। घर में उसका छह वर्षीय देवर छोटेसाब व महिला का डेढ़ वर्षीय पुत्र था। इसी दौरान पानबाई ने किसी बात से परेशान होकर घर में रखी कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। यह देख देवर ने तत्काल खेत पर जाकर अपने पिता व भाई को इसकी जानकारी दी, जिस पर परिजन उसे उपचार के लिए बिरधा अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के ससुर पप्पू सहरिया ने बताया कि पानबाई की शादी उनके बेटे से चार वर्ष पहले हुई थी। उसका मायका मध्य प्रदेश के जिला छतरपुर के थाना शाहगढ़ के अंतर्गत ग्राम मड़देवरा में है। उसने कीटनाशक खाने के कारणों पर अनभिज्ञता जताई।