संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। महाकुंभ में महिला के गुम होने पर साथ गए परिजन दो दिन तक खोजते रहे। तीसरे दिन अपनों के न मिलने पर महिला प्रयागराज स्टेशन पहुंची और कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन पकड़ कर लौट आई। आधार कार्ड से मोबाइल नंबर निकलवाकर बेटे को फोन कर ललितपुर स्टेशन पर आने की जानकारी दी। बेटे ने कुंभ में खोजबीन कर रहे परिजन को मां के लौटने की बात बताई। अब परिजन भी कुंभ से बेफिक्र होकर लौटेंगे।
थाना बानपुर के ग्राम दैलवारा भारौनी की ब्रजकुंवर अपने पति इमरत सिंह राजपूत, बहन, बहनाेई एवं पिता के साथ मौनी अमावस्या के एक दिन पहले महाकुंभ में स्नान के लिए गई थीं। अगले दिन कुंभ में स्नान कर लौटते समय सुबह 11 बजे ब्रजरानी परिजन से बिछड़ गईं। उनकी खोजबीन शुरू की गई, लेकिन कहीं पता नहीं चला। घर पर बेटे को भी इसकी जानकारी दी। बेटे ने उनके गुम होने की सूचना सोशल मीडिया पर डाल दी।
खोजबीन के बाद भी महिला के न मिलने पर परिजन थक हारकर परेशान हो गए। वहीं, ब्रजरानी ने भी कुंभ में परिजन से बिछड़ने पर सूझबूझ से काम किया और वह बृहस्पतिवार को प्रयागराज के एक रेलवे स्टेशन पर पहुंचीं। वहां से कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन में सवार होकर शुक्रवार सुबह ललितपुर पहुंच गईं।