- घर में काम करते समय अचानक बिगड़ गई थी हालत
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। संदिग्ध परिस्थिति में महिला की शुक्रवार को मौत हो गई। घर में काम करते समय अचानक उसकी हालत बिगड़ गई थी। परिजनों ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है।
कोतवाली सदर अंतर्गत ग्राम मैलवाराकलां निवासी सपना (25) पत्नी हृदेश को उसके परिजन संदिग्धावस्था में शुक्रवार की शाम उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक सपना घर में काम कर रही थी। अचानक उसकी हालत बिगड़ी तो पति उसे दोपहर को मेडिकल कॉलेज लेकर आया था। यहां इलाज कराने के बाद उसे घर वापस ले गया था। घर पहुंचने के कुछ देर बार फिर से सपना की हालत बिगड़ गई। आनन फानन उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने सपना को मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिजनों ने बताया कि सपना के एक पुत्र व एक पुत्री है और उसका मायका ग्राम पठाविजयपुरा है। शादी को 10 साल से अधिक का समय हो चुका है। परिजनों ने दिल का दौरा पड़ने से सपना की मौत होने की आशंका जताई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा।