ललितपुर। जिला महिला चिकित्सालय में तीन साल की बच्ची को उठाकर भाग रही महिला को लोगों ने पकड़ लिया। उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जांच में महिला मानसिक दिव्यांग निकली।
शनिवार शाम को महिला अस्पताल के वार्ड में एक महिला मुंह पर दुपट्टा बांधे पहुंची। यहां एक पलंग पर प्रसूता लेटी थी और उसके पास ही उसका एक दिन का शिशु सो रहा था। महिला ने शिशु को गोद में उठा लिया और खिलाने के नाम पर ले जाने लगी। पलंग पर लेटी शिशु की मां ने महिला से अपना बच्चा छीन लिया। इसके बाद महिला वहां से चली गई और दूसरे वार्ड में पहुंची। वहां से वह तीन साल की बच्ची को उठाकर बाहर ले गई।
जब बच्ची के परिजन ने महिला को रोका तो वह भागने लगी। शोर मचाने पर पीछा कर लोगों ने महिला को अस्पताल परिसर से ही बच्ची सहित पकड़ लिया।
कोतवाली पुलिस महिला को लेकर थाने पहुंची। महिला शहर के मोहल्ला चांदमारी की थी। इसी दौरान महिला के परिजन कोतवाली पहुंचे और उसे मानसिक दिव्यांग बताया। परिजन ने इलाज के पर्चे भी दिखाए। महिला का इलाज ग्वालियर में मानसिक आरोग्यशाला में चलना पाया गया। सीओ सदर अभय नारायण राय ने बताया कि पकड़ी गई महिला मानसिक दिव्यांग थी। संवाद