बुधवार सुबह थाना जखौरा के पुनिया खैरा में पति द्वारा आए दिन की जा रही पिटाई से तंग आकर एक महिला अपने तीन बच्चों को लेकर कुआं में कूद गई। महिला तो बच गई, लेकिन तीनों बच्चों की मौत हो गई। गांव के लोगों ने पति को पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
जखौरा के पुनिया खैरा में रहने वाला सुम्मेर सुबह करीब नौ बजे नशे में घर पहुंचा। उसने बिना वजह पत्नी जयंती की पिटाई शुरू कर दी। इससे क्षुब्ध होकर जयंती अपने बच्चों शेखर उर्फ सैकू (6 वर्ष), रिया (4 वर्ष) व 8 माह के दुधमुंहे बेटे अर्पित को लेकर घर से निकल गई। जयंती के पीछे पति भी गया। जयंती ने बच्चों के साथ गांव के प्रधान तुलसीराम के खेत में स्थित कुएं में जाकर छलांग लगा दी। इस दौरान पति कुएं के पास खड़ा होकर सारा नजारा देखता रहा। महिला तैरना जानती थी, इस कारण वह कुएं से बाहर निकल आई, जबकि तीनों बच्चे पानी में डूब गए।
कुएं से बाहर निकल कर जयंती ने आस पास खेत में काम कर रहे लोगों से मदद मांगी। जब तक मौके पर पहुंचे लोग बच्चों को कुएं से बाहर निकालते उनकी मौत हो चुकी थी। इस बीच मौका पाकर सुम्मेर ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले सुम्मेर को कर दिया गया।
परिवार के लोगों ने बताया कि नहर मुहल्ला निवासी जयंती की शादी करीब दस वर्ष पूर्व मजरा पुनिया खैरा निवासी सुम्मेर सिंह लोधी के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही सुम्मेर सिंह जयंती के साथ मारपीट करता चला आ रहा था। तीन दिनों से वह शराब के नशे में धुत्त होकर पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। जयंती के पिता भगवान दास की तहरीर पर पुलिस ने सुम्मेर सिंह के खिलाफ आत्महत्या को प्रेरित करने का मामला दर्ज किया है।