ललितपुर। नमामि गंगे योजना के तहत चल रही हर घर जल नल पाइप लाइन परियोजना के लिए पानी की सप्लाई बांधों से की जानी है। जामनी, सजनाम और रोहिणी बांध से पेयजल लिया जाएगा और इसका भुगतान निर्धारित दर के अनुसार 69.83 लाख रुपये प्रतिवर्ष सिंचाई विभाग को मिलेगा। इस धनराशि के एवज में तीनों बांधों से अलग-अलग पेयजल परियोजना के लिए 15.91 एमसीएम (मिलियन क्यूबिक मीटर) पानी प्रतिवर्ष लिया जाएगा।
ललितपुर को पूरे देश में बांध परियोजनाओं से जाना जाता है। यहां 14 बांध परियोजनाएं हैं। अधिकांश बांधों का पानी फसलों की सिंचाई में इस्तेमाल किया जाता है। कुछ ऐसे बांध हैं, जिनका प्रयोग पेयजल योजना के लिए हो रहा है। अब नमामि गंगे के तहत हर घर जल नल योजना में जामनी, सजनाम और रोहिणी बांध को शामिल किया गया है। इन बांधों से निर्धारित मानक पर पानी लिया जाएगा और इसका भुगतान सिंचाई विभाग को मिलेगा। जामनी बांध से 7.76 एमसीएम पानी लिया जाना है और इसके एवज में 34 लाख रुपये प्रतिवर्ष सिंचाई विभाग को मिलेगा। सजनाम बांध से 5.86 एमसीएम पानी लिया जाएगा, इसके बदले में 25.78 लाख रुपये देना होगा। वहीं, रोहिणी बांध से 2.29 एमसीएम पानी लिया जाएगा और इसके एवज में 10.07 लाख रुपये सिंचाई विभाग को मिलेंगे।
नमामि गंगे और ग्रामीण जलापूर्ति विभाग पेयजल योजनाओं के लिए जलमापी यंत्र का प्रयोग करेगा। अवर अभियंता, अमीन या सिंचाई विभाग का कोई अधिकृत कर्मचारी जलमापी यंत्र व उससे मापी का निरीक्षण करेंगे। उक्त धनराशि से बांध के रखरखाव सहित अन्य सुधार कार्य विभाग कराएगा। सहायक अभियंता सिंचाई खंड सलमान खान ने बताया कि नमामि गंगे पाइप पेयजल योजना के लिए जामनी, रोहिणी व सजनाम बांध से निर्धारित पानी लिया जाएगा। इसके एवज में सिंचाई विभाग को शासन से निर्धारित दर से धनराशि मिलेगी। उक्त धनराशि का उपयोग बांध के रखरखाव सहित अन्य कार्य के लिए किया जाएगा।
-
छह माह तक शुल्क न देने पर सप्लाई हो जाएगी बंद
परियोजना के लिए बांधों से लिया जाने वाला पानी करीब 12.48 रुपये प्रति हजार घन फीट के हिसाब से दिया जाएगा। भुगतान की समय सीमा छह माह तय है। तीस दिन का नोटिस देने के बाद भी भुगतान न करने पर सिंचाई विभाग जलापूर्ति बंद कर देगा।
बांध - पाइप पेयजल परियोजना - जलापूर्ति का अंश
बंडई - टोरी ग्राम समूह - 1.35 एमसीएम
शहजाद - बदनपुर ग्राम समूह - 2.90 एमसीएम
जमरार - सौजना-गुढा ग्राम समूह - 3.34 एमसीएम
जामनी - सैदपुर-कुम्हैडी ग्राम समूह - 4.40 एमसीएम
जामनी - गौना-नाराहट ग्राम समूह - 3.36 एमसीएम
कचनौंदा - कचनौंदा ग्राम समूह - 8.23 एमसीएम
लोेअर रोहिणी - सुकलगुवां ग्राम समूह - 1.26 एमसीएम
रोहिणी - मड़ावरा ग्राम समूह - 2.29 एमसीएम
सजनाम - मसौरा-सिंदवाहा ग्राम समूह - 5.86 एमसीएम
भौंरट - बिल्ला-मोगान ग्राम समूह - 1.71 एमसीएम
राजघाट - लागौन ग्राम समूह - 5.91 एमसीएम
भावनी - चंदावली ग्राम समूह - 1.47 एमसीएम