संवाद न्यूज एजेंसी
सिलावन (ललितपुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महरौनी में लंबे समय से एक्सरे फिल्म न होने से जांच ठप है तो दंत चिकित्सक की कमी से ओटी में ताला लटका है। मजबूरी में मरीज निजी चिकित्सकों और जांच केंद्र पर अपनी जेब कटा रहे हैं। यह हाल तब है, जब राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ने इस अस्पताल को गोद लिया है।
विभिन्न सुविधाओं से लैस होने के बाद भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को राहत नहीं मिल रही है। यहां काफी दिनों से एक्स रे फिल्म का अभाव बना हुआ है, जिसके चलते एक्स रे मशीन तो धूल फांक ही रही है, मरीज भी परेशान हैं। इसी तरह दंत चिकित्सक के अभाव में ओटी में ताला लटका रहता है। दांतों से पीड़ित मरीजों को या तो निजी चिकित्सकों के पास जाना पड़ रहा है या फिर जिला चिकित्सालय। इससे समय और धन दोनों का नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सामुदायिक केंद्र को राज्यमंत्री के गोद लेने के बाद भी व्यवस्थाएं न सुधरना स्वास्थ्य विभाग की विफलता है।