ललितपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक स्नातक निर्वाचन में कुल 54.07 फीसदी मतदान हुआ। इसमें जिले के कुल 6292 मतदाताओं में 3402 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। सुबह से ही तहसील के आसपास राजनीतिक दलों के नेताओं की चहल-पहल शुरू हो गई थी। दिन चढ़ने के साथ मतदान ने रफ्तार पकड़ी।
जिले में 11 मतदान केंद्रों पर निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सुबह मतदान काफी धीमा शुरू हुआ लेकिन सूर्य की तेजी के साथ ही मतदान ने गति पकड़ ली। सदर तहसील में मतदान केंद्र बनाया गया था। मतदान में कुल 6292 मतदाताओं के सापेक्ष 3402 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 2689 पुरुष मतदाता तथा 713 महिला मतदाता शामिल रहे। इस प्रकार जनपद में कुल 54.07 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान प्रक्रिया पर बारीक नजर रखने के लिए जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अन्नावि दिनेशकुमार ने जनपद के विभिन्न पोलिंग बूथों/मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने नगर क्षेत्र ललितपुर, तहसील तालबेहट एवं विकासखंड बार के मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया को देखा। डीएम ने निरीक्षण के दौरान सभी मतदेय स्थलों पर पोलिंग पार्टियों से मतदान के अनुभव के बारे में भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा मतदान केन्द्रों पर शौचालय, मतदाताओं के बैठने के लिए उचित स्थान, पीने के लिए शुद्ध पेयजल, दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था तथा मतदाताओं से मतदान करने के लिए आवश्यक दस्तावेजों की भी जानकारी प्राप्त की, साथ ही पोलिंग पार्टियों को महिला मतदाताओं और वृद्धों को प्राथमिकता के आधार पर मतदान कराने के निर्देश भी दिए गए थे।
मतदान कर लौटे मतदाताओं ने अंगुली दिखाकर फोटो भी खिंचवाई।
भाजपा नेता सपा के पंडाल में दिखे
इस दौरान चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में गहमागहमी देखी गई। एक भाजपा नेता सपा के पंडाल में बैठकर सपा जिलाध्यक्ष से गुफ्तगू करते रहे। वहीं, कई अन्य नेता मतदाताओं का सहयोग करते रहे। कुछ नेताओं ने मतदाताओं से पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में मत करने की अपील भी की।
स्नातक एमएलसी चुनाव में वोट डालने के लिए लाइन में खड़े मतदाता- फोटो : LALITPUR
स्नातक एमएलसी चुनाव में मतदाता सूची में मतदाता का नाम देखते अधिकारी- फोटो : LALITPUR
नई तहसील में स्नातक एमएलसी चुनाव में मतदान करती महिला- फोटो : LALITPUR