महरौनी (ललितपुर)। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम जखौरा में ग्राम पंचायत की ओर से जगदीश सिंह के खेत में चार वर्ष पहले खोदा गया कुआं आज भी अधूरा पड़ा हुआ है। विभागीय लापरवाही के कारण इस कुएं में करीब 15 फिट तक मिट्टी भर गई है। वहीं, किसान सिंचाई के लिए परेशान हैं।
ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम जखौरा निवासी जगदीश सिंह ने बताया कि उसके पास दो एकड़ जमीन है, जिस पर ग्राम पंचायत ने सिंचाई योजना के तहत कूप निर्माण योजना का लाभ दिया था। कुएं की खुदाई मनरेगा के अंतर्गत कराई गई थी। कुएं की खुदाई के दौरान उसका निर्माण पूरा नहीं कराया गया है। इसे बांधते समय गिरी मिट्टी को ग्राम पंचायत ने साफ नहीं कराया, जिससे वह मिट्टी फिर कुएं में भर गई। कुआं करीब 15 फिट तक मिट्टी से भर गया है।
किसान जगदीश ने बताया कि खेत में सिंचाई के उद्देश्य से उसने कुएं के लिए जमीन दी थी, लेकिन न तो कुएं से सिंचाई का लाभ मिल पा रहा है और जमीन भी बेकार हो गई है। उन्होंने बताया कि एक ओर नहर का पानी सिंचाई के लिए समय से नहीं मिलता है और कुएं से सिंचाई का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। किसान जगदीश सिंह ने कुएं की सफाई और कुएं का निर्माण कार्य पूरा कराए जाने के साथ जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग डीएम से की है ।