ललितपुर/बार। गर्मी शुरू होते ही ब्लॉक बार क्षेत्र में पेयजल संकट गहराने लगा है। करीब छह साल पहले मथुरा डांग पेयजल योजना के तहत 24 ग्राम पंचायतों में पानी की सप्लाई शुरू की गई थी लेकिन 15 ग्राम पंचायतों तक ही पानी पहुंच सका। इन दिनों ट्रांसफार्मर बदलने के बाद लो वोल्टेज के कारण जल संस्थान के मोटर नहीं चल पा रहे जिससे 10 फरवरी से इन गांवों में पानी की सप्लाई ठप हो गई। वहीं कई हैंडपंप खराब होने से लोगों को पानी के लिए काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इसकी जानकारी देने के बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे।
मथुरा डांग पेयजल योजना की के तहत वर्ष 2013 में 39 करोड़ से काम शुरू हुआ था, जो वर्ष 2016 में पूर्ण हो चुका था। इस योजना से करीब 24 ग्राम पंचायतों को पानी की सप्लाई करनी थी लेकिन बड़ौदा डांग जल संस्थान द्वारा मात्र 15 ग्राम पंचायतों में पानी की सप्लाई की जा रही है। यह सप्लाई भी करीब एक माह से ठप है। जानकारी के मुताबिक जल संस्थान बड़ौदा डांग में 66 केवी का ट्रांसफार्मर जलने के बाद विद्युत विभाग ने 66 की जगह 33 केवी का ट्रांसफार्मर उस जगह पर रखवा दिया। इससे लो वोल्टेज के कारण जल संस्थान के पंप पानी की सप्लाई नहीं कर पा रहे हैं जिससे क्षेत्र में होने वाले 15 ग्राम पंचायतों की पानी की सप्लाई बंद पड़ी हुई है। लोग हैंडपंप एवं कुओं के सहारे अपने अपने घरों में पानी की आपूर्ति कर रहे हैं।
फैक्ट फाइल
कुल आबादी 1.31 लाख
ग्राम पंचायतें 62
राजस्व ग्राम 93
कुल हैंडपंप 3168
कागजों में खराब हैंडपंप 90
ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में अधिकतर पीने के पानी का इंतजाम हैंडपंप एवं कुआं पर निर्भर है। ब्लॉक मुख्यालय पर पानी की सप्लाई जल संस्थान करता है। पिछले कई वर्षों से बिना फिल्टर सप्लाई किया जाता रहा है। इस साल इसी माह में फिल्टरों को साफ करने के लिए बालू आ चुकी है और फिल्टरों में बालू डाली जा रही है
तालाब में सिल्ट जमा होने से कम हो गया पानी
जल संस्थान कस्बा बार के अलावा ग्राम भेलौनी लोध, दसरारा ,फड़ारी, लड़वारी, बछरावनी, धनगौल, भावनी, तुरका खेरा, धमना सहित अन्य ग्राम पंचायतों को पानी सप्लाई होता था किंतु धीरे धीरे कस्बा बार में स्थित तालाब में सिल्ट जमा होने के कारण पानी की आपूर्ति कम होती गई। आज जल संस्थान मात्र कस्बा को ही पानी की सप्लाई की जा रही है वह पानी भी मटमैला गंदा आ रहा है।
ट्रांसफार्मर जलने के बाद कम क्षमता का रखा
जल संस्थान के एक कर्मचारी ने बताया कि बरौदा डांग स्थित जल संस्थान पर 66 केवी का ट्रांसफार्मर रखा था जिससे वोल्टेज अच्छा आता था और उसी से सभी ग्रामों में पानी की सप्लाई की जाती थी किंतु पिछले माह फरवरी में 66 केवी का ट्रांसफार्मर जल गया एवं विद्युत विभाग द्वारा उस जगह 33 केवी का ट्रांसफार्मर रखवा दिया जिससे पूरा वोल्टेज न मिल पाने के कारण पिछले 10 फरवरी से पानी सप्लाई की समस्या बनी हुई है। इसकी जानकारी सभी उच्च अधिकारियों को है। उसने बताया कि चुनाव के बाद 66 केवी का ट्रांसफार्मर रखा जाएगा तब पानी की सप्लाई पुन: सुचारु रुप से शुरू हो पाएगी।
आधे गांव के लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है क्योंकि कई दिनों से पेयजल लाइन खराब पड़ी हुई है जिससे आधा गांव पानी से वंचित है। इसलिए वहां के निवासी हैंडपंपों से पानी की आपूर्ति कर रहे हैं।- हरिराम रजक, ग्राम पंचायत गाड़िया
ग्राम पुलवारा में जल संस्थान बरौदा डांग से सप्लाई होता था किंतु पिछले 15-20 दिनों से पानी की सप्लाई बाधित है। ग्राम पंचायत के लोग हैंडपंपों से पानी भरने को मजबूर हैं। इससे काफी परेशानी हो रही है। प्रदीप कुमार खरे, ग्राम पंचायत पुलवारा
लो वोल्टेज के कारण मोटर नहीं चल पा रहे। इस कारण पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही। इस संबंध में बिजली विभाग को पत्र भेजा है। जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा। संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान
बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर बदलकर लो वोल्टेज का लगाने के संबंध में क्या जल संस्थान से अनुमति ली थी, इसकी जांच कराकर जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। क्षेत्रीय जनता को जलापूर्ति जल्द हो सके। इस संबंध में अधिशासी अभियंता जल संस्थान से बात करेंगे। एसपी सिंह, एसडीएम तालबेहट