कैप्सन - बॉटर फिल्टर की जली मोटर निकालते कर्मचारी
- फोटो : TALDEHATE
तालबेहट। माताटीला फिल्टर में लगी मोटर के जल जाने से शनिवार को नगर की जनता को पानी न मिल सका। लगातार पांच दिन से पानी न मिलने से जनता काफी परेशान है। वहीं जनता की परेशानी सुनने के लिए जल संस्थान पर कोई जिम्मेदार नहीं है।
लंबे समय से पटरी से उतरी नगर की पेयजल व्यवस्था बरसात के महीने में भी लाइन पर नहीं आ सकी। चार दिन से पानी को परेशान जनता को शनिवार को पानी मिलने की उम्मीद थी लेकिन शुक्रवार का सायंकाल माताटीला फिल्टर में लगी मोटर जल जाने से पानी की आपूर्ति परी तरह से ठप हो गई। मजबूरी में लोगों को हैंडपंप और कुओं के पानी का उपयोग करना पड़ा।
पिछले कुछ दिनों से नगर की पेयजल आपूर्ति भगवान भरोसे चल रही हैं। वहीं, लाइन में आए दिन आ रहे फाल्ट और परेशानी पैदा कर रहे हैं। जिसके चलते जल संस्थान से भी पानी की आपूर्ति कराना मुश्किल हो रहा है।
31 अगस्त को माताटीला बांध पर लगी मोटर में कचरा फंस जाने के कारण नए जैन मंदिर और अंजनी नगर सहित नगर के कई मुहल्लों में पानी की आपूर्ति ठप रही। एक सितंबर को धुव्रकुटी मंदिर के पास लगे टयूबवेल की मोटर बदलने से पानी की आपूर्ति ठप रही। इसके बाद जब तक लाइनें ठीक होकर पानी की आपूर्ति दुरुस्त होती तब तक माताटीला फिल्टर पर विद्युत आपूर्ति ठप रहने से शुक्रवार को नगर में पानी की आपूर्ति न हो सकी। लगातार पांच दिन से पानी न मिलने जनता काफी परेशानी का सामना कर रही है। वहीं, जल संस्थान के अधिकारी अपने को मजबूर बता कर जनता को सफाई दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि जल संस्थान पर उनकी समस्या सुनने वाला कोई नहीं मिलता है।
मोटर के जल जाने से पानी की आपूर्ति बाधित हैं। मोटर को ठीक होने में कुछ समय लग सकता हैं।
अभिलाष कुमार जेई जल संस्थान